इंदौर में पत्नी की हत्या कर 2 बच्चों को तालाब में फेंका, 8 साल के बेटे ने झाड़ियों में छिपकर बचाई जान
कनाड़िया में खौफनाक वारदात: ड्राइवर ने पत्नी की हत्या के बाद बेटा-बेटी को तालाब में फेंका, बेटी की मौत
इंदौर में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद कलयुगी पिता ने अपनी पत्नी की हत्या कर बच्चों को तालाब में फेंक दिया।

आरोपी का 8 साल का बेटा जैसे तैसे कर तालाब से बाहर आया और उसने सूझबूझ दिखाते हुए झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचा ली। बाद में बच्चे ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर महिला का शव झाड़ियों से और 10 साल की बच्ची का शव तालाब से बरामद कर लिया।

ये दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है कनाडिया थाना क्षेत्र से, जोन 2 के एडिशनल DCP अमरेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सोमवार (17 अगस्त) देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर बच्चों को तालाब में फेंक दिया है। यह पूरा वाकया एक बच्चे ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां और बहन की हत्या कर दी है।

सूचना मिलते ही ASP खजराना, थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण हिंगोनिया क्षेत्र के तालाबों में सर्चिंग में परेशानी आ रही थी। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह एक शव तालाब से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील चौहान (37) ड्राइवर है और मूल रूप से देवास के झलारिया गांव का रहने वाला है।

पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अनीता बाई (32) के मोबाइल पर कई लोगों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। घटना वाले दिन भी शाम से दोनों में विवाद हुआ था। आरोप है कि सुनील पत्नी और बच्चों को तालाब के पास ले गया।

पहले उसने अपने पति की तालाब के पास ही झाड़ियां में हत्या की, पत्नी अनीता की साड़ी के पल्लू से गला घोंटकर हत्या की और शरीर पर चाकू से भी वार किए। इसके बाद बेटी ओर बेटे को भी तालाब में फेंका गया, लेकिन बेटा अंधेरा होने के चलते झाड़ियों में छिप गया और बाद में वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंचा।

हालांकि, इस बीच सुनील ने भी आत्महत्या की कोशिश की लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी सुनील से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Varsha Shrivastava 
